Dehradun,13 May 2026: देहरादून में स्कूली छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में जिला पुलिस जल्द ही विशेष कार्यशाला आयोजित करेगी। यह कार्यशाला 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मंगलवार को उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि बच्चों और युवाओं को कम उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर की सड़कों पर अक्सर लोग गलत दिशा में वाहन चलाकर यातायात बाधित करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। यूनियन ने यह भी कहा कि महिलाओं को भी ट्रैफिक नियमों की पर्याप्त जानकारी दी जानी चाहिए, क्योंकि कई बार जानकारी के अभाव में वे दुर्घटनाओं का शिकार हो जाती हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने यूनियन के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए आयोजित होने वाली कार्यशाला में सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक संकेतों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री इंद्रेश कोहली, प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं कुमाऊं प्रभारी राजकिशोर तिवारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी संजय किमोठी, जिलाध्यक्ष शशि शेखर, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेश बर्थवाल, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.एस. बिष्ट तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय नेगी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




