Dehradun, 06 June 2026। राजधानी में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को तुन्तोवाला और मेहुवाला माफी क्षेत्र में दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। इनमें एक बहुमंजिला भवन भी शामिल है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
एमडीडीए की टीम ने तुन्तोवाला स्थित मोनाल इन्क्लेव और मेहुवाला माफी के चन्द्रताल क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के संचालित होते पाए गए। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों निर्माणों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
पहले मामले में अनुप चौहान और मुन्नी गीता द्वारा मोनाल इन्क्लेव के निकट तुन्तोवाला क्षेत्र में कराया जा रहा निर्माण अवैध पाया गया। जांच में सामने आया कि निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त नहीं की गई थीं। वहीं दूसरी कार्रवाई में राजीव जैन द्वारा मेहुवाला माफी के चन्द्रताल क्षेत्र में निर्मित किए जा रहे बहुमंजिला भवन को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण भी निर्धारित मानकों और स्वीकृतियों के अनुरूप नहीं था।
यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों के अनुपालन में की गई। अभियान के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अनियोजित निर्माण भविष्य में यातायात, पार्किंग, जल निकासी और नागरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।
अवैध निर्माणों पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, दो भवन सील
Leave a comment
Leave a comment




