Dehradun, 04 August 2026। मसूरी रोपवे परियोजना को बेहतर सड़क संपर्क देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने रोपवे के लोअर टर्मिनल तक पहुंचने वाली करीब 13 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क के उच्चीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि यह सड़क केवल रोपवे तक पहुंच को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि मसूरी के पर्यटन को भी नई गति देगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के साथ मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी देश के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थलों और वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल है। हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए सरकार रोपवे जैसी आधुनिक परियोजनाओं के साथ-साथ संपर्क मार्गों को भी उच्चीकृत कर रही है, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और पर्यटन क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटन उद्योग को भी सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सैन्य धाम का निर्माण भी तेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परियोजना राज्य के वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक होगी। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा चुका है।
सड़क और बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। रिखोली ग्राम पंचायत के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई में बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षात्मक निर्माण भी तेजी से चल रहे हैं।




