Dehradun, 11 August 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क और संपर्क मार्ग, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, सिंचाई, रोजगार, स्थानांतरण और स्थानीय विकास से जुड़े मामले सामने आए।
मुख्यमंत्री ने एक-एक शिकायत की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति पूछी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में शासन स्तर पर निर्णय जरूरी है, उनमें सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजे जाएं।
नियमों के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी जरूरी
सीएम धामी ने कहा कि सरकारी योजनाओं और नीतियों की वास्तविक सफलता तभी है, जब उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में नियमों का पालन करने के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी अपनाया जाए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित रखने वाली किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित विभागों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। जनसुनवाई लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर देती है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों में लंबित मामलों के समाधान की प्रक्रिया को भी गति मिलती है।
हर नागरिक तक पहुंचे सुशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक सुशासन पहुंचाना है। अधिकारियों को जनभावनाओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप काम करते हुए शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा जनसुनवाई में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जेसी काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




