Gopeswar, 13 october 2026। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में भालू के हमलों से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। मंगलवार तड़के सिंहधार वार्ड में भालू ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे बिंदेश कुमार (37) की गोशाला से मवेशियों के शोर करने की आवाज आई। आवाज सुनकर बिंदेश कुमार अपनी मां के साथ गोशाला की ओर गए। वहां पहले से मौजूद भालू ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के चार लोग घायल हो गए। परिजनों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद सिंहधार वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की लगातार सक्रियता से घरों और गोशालाओं के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और हमले जैसी घटनाओं में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।




