Dharchula,14 November 2026। भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह शनिवार को राजनीतिक टकराव का अखाड़ा बन गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में धारचूला विधायक हरीश धामी की नाराजगी मंच पर खुलकर सामने आई। संबोधन का अवसर नहीं मिलने और माइक बंद किए जाने से आक्रोशित विधायक ने मंच से माइक फेंक दिया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर धक्कामुक्की व मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक व्यक्ति के चोटिल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान विधायक हरीश धामी ने मंच से अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें संबोधन का अवसर नहीं मिला। विधायक का आरोप है कि मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विधायक की बात सुने बिना ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। इसके बाद जब उन्होंने माइक संभालकर अपनी बात कहनी चाही तो साउंड सिस्टम बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने माइक फेंक दिया।
घटना के बाद विधायक ने प्रशासन पर मुख्यमंत्री के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। इस बयान के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद धक्कामुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।
‘यह मेरे घर का मेला है, सिर्फ विरोध जताया’
घटना के बाद विधायक हरीश धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला उनके क्षेत्र की पहचान और परंपरा से जुड़ा आयोजन है। मेला समिति के अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें मंच से बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि माइक फेंककर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि उनके व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची है तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं।




