रुद्रप्रयाग : श्री केदारनाथ धाम में पहली बार लागू हुई टोकन सिस्टम से दर्शन की व्यवस्था कारगर साबित हो रही है। रविवार को श्रद्धालुओं ने टोकन में दिए गए समय के अनुसार ही बाबा के दर्शन किए। देश विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस व्यवस्था की सराहना की। श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि व्यवस्था लागू होने से बड़ी राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश से श्री केदारनाथ धाम पहुंचे देवेश ठाकुर ने बताया कि उनका पूरा परिवार पंजीकरण करवा कर आया था और टोकन भी लिया था। सुबह लाइन में लगने के करीब 25 मिनट बाद ही उनके पूरे परिवार परिवार ने अच्छे से गर्भगृह के दर्शन तक किए। युवाओं ने तो दो बार भी दर्शन किए हैं। उन्होंने बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे श्रद्धालुओं से व्यवस्थाएं बनाने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उधर शाम करीब पांच बजे बाबा ने दर्शन कर निकले एक श्रद्धालु ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि टोकन में दिए गए समय के पास ही उनके दर्शन हुए हैं, इसे उन्हें और उनके परिवार को बहुत सहूलिय मिली।




