Gairsain to Be Developed on Smart City Model, Says CM Dhami | 142.25 Crore Projects Launched
गैरसैंण, 11 नवंबर 2025 :राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह के अवसर पर उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के लिए बड़ा एलान करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि क्षेत्र को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गैरसैंण एवं आसपास के क्षेत्रों के मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार कर कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे यहां आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।
समारोह में मुख्यमंत्री ने 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 43.63 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण और 98.62 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया। उन्होंने आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, फायर सर्विस और एनसीसी महिला दस्ते की रैतिक परेड का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 8,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उपहार मिलने से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिली है। केदारखण्ड और मानसखण्ड में तीर्थ स्थलों के पुनरुद्धार को राज्य को आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि गैरसैंण के व्यापक विकास के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं और सारकोट गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य की विकास दर में वृद्धि, किसानों की आय में बढ़ोतरी, बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी, सतत विकास सूचकांक में प्रथम स्थान और मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का अवॉर्ड राज्य की उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
