Uttarakhand Approves ₹402 Crore Projects Under Vibrant Village Scheme
देहरादून, 17 March 2026। सीमांत गांवों के विकास को गति देने के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत 402 करोड़ रुपये के नए प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित स्टेट लेवल स्क्रीनिंग कमेटी (SLSC) की बैठक में इन प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इस फैसले से राज्य के सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के अवसरों में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंजूर किए गए प्रस्तावों के तहत गांवों में पर्यटन हाउसिंग, सड़क संपर्क, ग्राम अवसंरचना, सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा अस्पताल, खेल मैदान, स्मार्ट कक्षाएं, छोटे जिम सेंटर, सोलर स्ट्रीट लाइट और कृषि विकास से संबंधित योजनाओं को भी शामिल किया गया है। सरकार का मानना है कि इन कार्यों के जरिए सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आजीविका मजबूत होगी और पलायन पर भी रोक लगेगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन गांवों को इस तरह विकसित किया जाए कि वे अन्य क्षेत्रों के लिए आदर्श बन सकें। साथ ही जिलाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि योजनाओं से होने वाले लाभ, रोजगार के अवसर और दीर्घकालिक प्रभाव का स्पष्ट आकलन प्रस्तुत करें, ताकि योजना की सफलता का सही मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, आईटीबीपी और पुलिस के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सरकार का लक्ष्य सीमांत गांवों को मजबूत बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।




