
देहरादून, 27 April 2026। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव जैनिथ-2026 का आगाज सोमवार को बेहद शानदार अंदाज में हुआ। पथरी बाग स्थित हेलीपैड ग्राउंड में हुए कार्यक्रम में लोक गायिका प्रियंका मेहर और डीजे निक की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रियंका मेहर के लोकगीतों से हुई, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक पेश की। “बेडू पाको बारो मासा”, “नंदा देवी गीत” और “फूलदेई” जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और साथ गुनगुनाया। गढ़वाली वेशभूषा, लोक नृत्य और पारंपरिक संगीत ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
इसके बाद डीजे निक ने हाई-वोल्टेज बीट्स और बॉलीवुड रीमिक्स ट्रैक्स के जरिए कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। हजारों की संख्या में मौजूद छात्र-छात्राएं देर रात तक संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए। पूरा हेलीपैड ग्राउंड ओपन एयर क्लब में तब्दील हो गया।
इस दौरान महान गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी गई। कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीतों को प्रस्तुत कर उनके अमूल्य योगदान को याद किया। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि आशा भोसले के गीतों ने पीढ़ियों को जोड़ा है और भारतीय संगीत को नई पहचान दी है।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. के. प्रतापन, कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहे।
मंगलवार को महोत्सव के दूसरे दिन बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।
एसजीआरआर विश्वविद्यालय में जैनिथ-2026 का धमाकेदार आगाज, प्रियंका मेहर और डीजे निक ने बांधा समा
Leave a comment
Leave a comment




