Uttarkashi, 07 June । दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता हुई रामनगर निवासी 24 वर्षीय एमबीए छात्रा बबीता पांडे की तलाश के लिए प्रशासन ने अब हवाई और जमीनी दोनों स्तरों पर अभियान तेज कर दिया है। आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियों के 150 से अधिक जवान पिछले एक सप्ताह से लगातार दुर्गम पहाड़ों, जंगलों और खाइयों में छात्रा की खोज में जुटे हैं। रविवार को हेलीकॉप्टर की मदद से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी और तलाशी अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में चल रहे इस व्यापक सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, राजस्व पुलिस, वन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तथा विशेष ड्राइव टीमों को लगाया गया है। सभी एजेंसियां समन्वय के साथ संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रही हैं।
खोज अभियान को और मजबूती देने के लिए रविवार को नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (एनआईएम) के विशेषज्ञ पर्वतारोहियों की टीम को भी मैदान में उतारा गया। पर्वतीय क्षेत्रों में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन का लंबा अनुभव रखने वाली यह टीम दयारा बुग्याल के दुर्गम ट्रैक, गहरी खाइयों, घने जंगलों और कठिन पहाड़ी इलाकों में विशेष अभियान चला रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि विशेषज्ञों की भागीदारी से तलाश अभियान को नई दिशा मिल सकती है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार दयारा बुग्याल क्षेत्र का भौगोलिक स्वरूप बेहद चुनौतीपूर्ण है। ऊंचे पहाड़ी रास्ते, घने वन क्षेत्र, गहरी खाइयां और लगातार बदलता मौसम सर्च ऑपरेशन को प्रभावित कर रहे हैं। इसी कारण पूरे इलाके को कई सेक्टरों में बांटकर अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संभावित ट्रैकिंग रूट, जलधाराएं, जंगल और दूरस्थ स्थान लगातार खंगाले जा रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बबीता की सुरक्षित बरामदगी प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
बॉक्स: एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
बबीता पांडे के लापता होने के एक सप्ताह बाद भी खोजी दलों को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। इसके बावजूद प्रशासन, बचाव एजेंसियां और स्थानीय लोग उम्मीद बनाए हुए हैं। 150 से अधिक जवानों और विशेषज्ञों की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पूरे उत्तरकाशी जिले की निगाहें इस अभियान पर टिकी हैं और हर कोई छात्रा की सकुशल वापसी की कामना कर रहा है।
हेलीकॉप्टर से भी शुरू हुई बबीता की तलाश, 150 से अधिक जवान छान रहे चप्पा-चप्पा
Leave a comment
Leave a comment




