Dehradun, 23 july 2026। उत्तराखंड के तीन प्रमुख शहरों—देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर—की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन शहरों में पीएम-10 और पीएम-2.5 जैसे खतरनाक प्रदूषकों को कम करने के लिए केवल योजनाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। साथ ही वायु गुणवत्ता की लगातार मॉनिटरिंग करने और सुधार कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए।
सचिवालय में राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) की संचालन समिति की सातवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि धूल प्रदूषण रोकने के लिए सड़कों का पक्कीकरण, फुटपाथों का निर्माण और नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्माण और ध्वस्तीकरण (डेमोलिशन) से निकलने वाले मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। सभी स्थानीय निकायों को इसके लिए अलग निस्तारण स्थल चिन्हित करने और लोगों को इसकी जानकारी देने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सड़कों पर खुले में पड़े निर्माण सामग्री को हटाने के लिए सख्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि शहरों में उड़ने वाली धूल को कम किए बिना वायु गुणवत्ता में सुधार संभव नहीं है।
उन्होंने पीएम-2.5 को नियंत्रित करने के लिए वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। प्रदूषण नियंत्रण नियमों का कड़ाई से पालन कराने, जरूरत पड़ने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में अतिरिक्त मैनपावर बढ़ाने तथा शहरों में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए प्रमुख चौराहों के सुधार कार्य तेज करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने काशीपुर में पिछले वर्षों की तुलना में पीएम-2.5 स्तर में आए सुधार का विश्लेषण कर उसी मॉडल को अन्य शहरों में भी लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम के तहत वार्षिक कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शहरों में लगे स्मार्ट सिटी के सभी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड सक्रिय किए जाएं और इनके माध्यम से लोगों को वायु प्रदूषण से बचाव तथा स्वच्छ हवा के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव डॉ. आनन्द श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुधरेगी देहरादून-ऋषिकेश-काशीपुर की हवा
Leave a comment
Leave a comment




