Bollywood-Themed Freshers Party 2025 Brings Vibrant Energy to SGRR University
देहरादून, 10 अक्टूबर 2025 : श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज में शुक्रवार को आयोजित फ्रेशर्स पार्टी 2025 ने पूरे परिसर को रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर कर दिया। “बॉलीवुड थीम” पर आधारित इस आयोजन में नवागंतुक छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जबकि सीनियर छात्रों ने अपने जूनियर्स के लिए शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। आकर्षक मंच सज्जा, ऊर्जावान परफॉर्मेंस और विद्यार्थियों का जोश इस आयोजन की विशेषता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, गायन, फैशन शो और अभिनय प्रस्तुतियों से माहौल को बॉलीवुड रंग में रंग दिया। मंच संचालन ईशु जैन, श्रद्धा, निशी, ऐश्वर्या, अंकित, फराह और अर्शू ने उत्साहपूर्वक किया, जिससे पूरे समारोह में जोश बना रहा।
फ्रेशर्स पार्टी में प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक खिताबों से सम्मानित किया गया। एमपीटी प्रथम सेमेस्टर में ईशु त्यागी को मिस्टर फ्रेशर, इश्रत को मिसेज फ्रेशर, निशांत और प्रियंका को मिस्टर एवं मिस स्पार्कल, जबकि अपूर्व और अंकिता को मिस्टर एवं मिस चार्मिंग चुना गया।
वहीं बीपीटी प्रथम सेमेस्टर में हरकीरत को मिस्टर फ्रेशर, शेरिल को मिसेज फ्रेशर, सौरभ और अंकिता को स्पार्कल खिताब, जबकि आर्यन और ऋतु को चार्मिंग खिताब प्रदान किए गए।
इन खिताबों को डीन प्रो. (डॉ.) कीर्ति सिंह, डॉ. शारदा शर्मा, प्रो. (डॉ.) नीरज कुमार सहित फैकल्टी सदस्यों डॉ. संदीप, डॉ. तबस्सुम आजमी, डॉ. शमा परवीन, डॉ. सुरभि, डॉ. रविंद्र और अन्य शिक्षकों ने प्रदान किया।
फ्रेशर्स पार्टी में छात्रों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और टीमवर्क से यह साबित किया कि एसजीआरआरयू का कैंपस केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि सृजनात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक विविधता का केंद्र भी है।




