Youth Festival at Parade Ground Showcases Cultural Vibrance in Uttarakhand
देहरादून, 7 नवंबर 2025 : राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को परेड ग्राउंड में आयोजित युवा महोत्सव का माहौल पूरी तरह युवा ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों से भर उठा। खटीमा से आए बैंड की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन जीत लिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और युवा कल्याण एवं पीआरडी मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में प्रदेशभर से आए सैकड़ों युवा प्रतिभागियों और सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत कर दिया। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री धामी और मंत्री आर्या ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और विशेष रूप से तैयार किए गए ड्रोन कबड्डी एरिना का भी उद्घाटन किया, जिसने युवाओं का खास ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु और आर्थिक महाशक्ति बनाने में युवाओं की ही निर्णायक भूमिका होगी। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की क्षमता रखती है।
कार्यक्रम में सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष फरजाना बेगम, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, प्रताप सिंह, मीता सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
