Dehradun, 14 September 2026। विकास की फाइलों से निकलकर योजनाओं की जमीनी हकीकत देखने के लिए उत्तराखंड के पत्रकार अब छत्तीसगढ़ की राह पर हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के तहत उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रायपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में 11 पत्रकार शामिल हैं।
इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों को करीब से समझना है। पत्रकार विभिन्न परियोजना स्थलों का दौरा कर विकास कार्यों की उपलब्धियों और उनके जमीनी प्रभाव को जानेंगे।
पांच दिवसीय दौरे में प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी और बीएएलसीओ कोरबा का भ्रमण करेगा। इसके साथ ही 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और ऐतिहासिक सिरपुर का भी दौरा प्रस्तावित है। पत्रकार स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को भी देखेंगे और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
पीआईबी देहरादून के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि प्रेस टूर क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु बनाने का माध्यम है। पत्रकारों को योजनाओं की वास्तविक स्थिति, तकनीकी पहल और उनके सामाजिक प्रभाव को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण का मकसद सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय पत्रकारों को उनके क्रियान्वयन स्थल तक ले जाना है, ताकि वे तथ्यों और अनुभवों के आधार पर आम जनता तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचा सकें। पीआईबी देहरादून इससे पहले हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम में भी ऐसे प्रेस टूर आयोजित कर चुका है।




