BJP to Launch Pandit Deendayal Upadhyay Mega Training Campaign in Uttarakhand
देहरादून, 10 February 2026। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। चुनावी मैदान में उतरने से पहले पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को रणनीतिक रूप से दक्ष बनाने जा रही है, ताकि वे सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और वैचारिक पक्ष को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकें। इसी क्रम में पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
अभियान की शुरुआत 17 फरवरी को देहरादून में होने वाली राज्य स्तरीय कार्यशाला से होगी। इसमें प्रदेशभर से चयनित पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यशाला में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर की मजबूती, मतदाता संपर्क, सोशल व डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा संगठनात्मक समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद 7 से 20 मार्च तक प्रदेश के सभी मंडलों में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पार्टी की चुनावी रणनीति जमीनी स्तर तक मजबूती से पहुंचे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही चुनावी सफलता की रीढ़ होते हैं।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा, संगठन के मूल सिद्धांतों के साथ केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। इससे कार्यकर्ता विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को ठोस तथ्यों के साथ जनता के सामने रख सकेंगे।
बॉक्स : प्रशिक्षण अभियान के लिए टीम गठित
महाप्रशिक्षण अभियान का संयोजक प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार को बनाया गया है। टीम में नेहा जोशी, हिमांशु संगथानी, रमेश चौहान, ऋषिपाल कंडवाल और प्रीति बिष्ट शामिल हैं। यह टीम प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने, कार्यक्रमों के संचालन और फीडबैक के आधार पर रणनीति को और प्रभावी बनाने का कार्य करेगी।




