Uttarakhand Mock Drill 2026: Statewide Disaster Preparedness Exercise from March 16–18
देहरादून, 01 March 2026 । राज्य में आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी 16, 17 और 18 मार्च 2026 को उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास जिला मुख्यालयों के साथ-साथ विभिन्न तहसीलों में भी कराया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर आपदा से निपटने की वास्तविक क्षमता का आकलन किया जा सके।
शनिवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जनपदों की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में जिलों द्वारा संभावित आपदा परिदृश्यों और चयनित स्थलों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सचिव सुमन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल को पूरी तरह वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप आयोजित किया जाए, जिससे तैयारियों की सही स्थिति सामने आ सके।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) इस पूरे अभ्यास की निगरानी करेगा। साथ ही यह भी कहा कि अब यूएसडीएमए स्वयं इस तरह के अभ्यास सफलतापूर्वक कराने में सक्षम हो चुका है और जनपदों को भी इस स्तर तक तैयार किया जा रहा है कि वे अपने संसाधनों के आधार पर नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित कर सकें।
सचिव सुमन ने कहा कि इस तरह के अभ्यासों से विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी। मॉक ड्रिल के दौरान संचार व्यवस्था, चेतावनी प्रणाली, राहत सामग्री की उपलब्धता और उपकरणों की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने “जीरो डेथ” के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि समय रहते मजबूत तैयारी और त्वरित कार्रवाई से जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।
मॉक ड्रिल में भूकम्प, वनाग्नि, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, अग्निकांड, जलभराव, मानव-वन्यजीव संघर्ष, औद्योगिक दुर्घटना, एवलांच और भगदड़ जैसी विभिन्न संभावित आपदाओं के परिदृश्यों पर अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, वन विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियां सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन महावीर सिंह चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी और एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट सुभांग रतूड़ी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




