Dehradun to Ramnagar Direct Train Service Soon | Uttarakhand Rail Update
Dehradun, 03 May 2026। गढ़वाल क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात जल्द हकीकत बनने जा रही है। देहरादून और रामनगर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा के शुरू होने से यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी।
इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने जनवरी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर देहरादून–रामनगर रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। सांसद के प्रयासों को सकारात्मक परिणाम मिला और रेलवे ने इस दिशा में तेजी से काम करते हुए संचालन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब केवल औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
देहरादून से रामनगर के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से सबसे बड़ा लाभ आम यात्रियों और पर्यटकों को मिलेगा। अभी तक इस रूट पर सीधी रेल सुविधा न होने के कारण यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलनी पड़ती थी या सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था। नई सेवा शुरू होने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी और यात्रा अधिक सुगम और किफायती बन जाएगी।
रामनगर, जो कि विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार है, पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। देहरादून से सीधी रेल सेवा शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। इसका सीधा फायदा स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और छोटे व्यवसायों को मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी गढ़वाल क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं दिलाने के लिए इसी तरह की योजनाएं आगे बढ़ाई जाएंगी।
बाक्स: पीरुमदारा स्टेशन को भी मिली बड़ी सुविधा
इस क्रम में रामनगर के पास स्थित पीरुमदारा क्षेत्र के लोगों को भी बड़ी राहत मिली है। अब संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव पीरुमदारा स्टेशन पर शुरू हो गया है। पहले लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए यात्रियों को दूर के स्टेशनों पर जाना पड़ता था, लेकिन अब वे अपने नजदीकी स्टेशन से ही सफर कर पा रहे हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।




