Haridwar,26 September2026 । झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। प्रेम-प्रसंग के शक में एक युवक ने अपनी सगी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने घटना को ऑनर किलिंग के एंगल से जांच में शामिल किया है।
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ी कलां निवासी रूपा (22) शनिवार सुबह पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) के साथ घर के बाहर सड़क पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान रूपा का भाई अमन उर्फ भरोसी सिंह वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने तमंचे से पहले सूरज पर फायर किया। गोली लगने से सूरज घायल होकर गिर गया। इसके बाद रूपा वहां से भागकर घर की ओर जाने लगी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर उस पर भी गोली चला दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को झबरेड़ा स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, सूरज के सीने में दो गोलियां, जबकि रूपा को एक गोली लगी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तमंचे का खोखा बरामद किया गया है। टीम ने मौके से साक्ष्य और नमूने भी जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रूपा और सूरज के बीच प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आ रही थी, जिसका युवती का भाई विरोध करता था। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रेम-प्रसंग समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।




