Dehradun, 08 October2026। कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न स्थलों की जानकारी हासिल करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मेला क्षेत्र में लगाए जाने वाले साइनेज बोर्ड पर क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित स्थान का इतिहास, धार्मिक महत्व और अन्य जरूरी जानकारियां सीधे अपने मोबाइल पर देख सकेंगे। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ क्षेत्र की प्रमुख लोकेशन, पार्किंग, सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए समर्पित मोबाइल एप तैयार करने की संभावना भी देखी जाए। उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा, जिन्हें समानांतर रूप से संचालित किया जा सकता है।
बैठक में कुंभ क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, सरकारी भूमि का आवश्यक सुविधाओं के लिए उपयोग करने और नहरबंदी की अवधि का अधिकतम लाभ उठाने पर भी जोर दिया गया। सिंचाई और पेयजल से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा वैकल्पिक मार्गों को समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेष बगौली, नितेष कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बाक्स
मानव संसाधन की अभी से बनेगी कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के चलते कुंभ मेले के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से मानव संसाधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्थायी पुलों का निर्माण नवंबर तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया।
क्यूआर कोड से मिलेगी कुंभ की पूरी जानकारी
Leave a comment
Leave a comment




