देहरादूनः चारधाम यात्रा ने जो गति पकड़ी थी, वो शीतकाल में भी जारी है। अभी भी प्रतिदिन 20 हजार से अधिक तीर्थयात्री चारधाम पहुंच रहे हैं। जबकि, बीते वर्षों में शीतकाल में यात्रा को लेकर ऐसा उत्साह नजर नहीं आता था।
इस सीजन में चारधाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 54 लाख पार कर चुकी है। अभी यात्रा 18 नवंबर तक जारी रहेगी। ऐसे में इस बार चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। पिछले वर्ष 46.29 लाख श्रद्धालु चारधाम पहुंचे थे।
शीतकाल के लिए चारों धाम के कपाट इसी माह बंद होने हैं। गंगोत्री के कपाट 14, केदारनाथ “व यमुनोत्री के कपाट 15 और बदरीनाथ धाम के कपाट 18 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इस वर्ष गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट 22 अप्रैल, केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले गए थे। कपाट खुलने के बाद से ही चारों धाम के दर्शन को लेकर तीर्थ यात्रियों में उत्साह रहा है। फिलहाल, यात्रा अपने अंतिम चरण में है। अब तक 54 लाख 24 हजार चार सौ तैंतीस श्रद्धालु चारों ‘धाम में दर्शन कर चुके हैं। सबसे अधिक 19.07 लाख यात्री केदारनाथ धाम पहुंचे हैं, जबकि बदरीनाथ धाम की 17.18 लाख यात्रियों ने यात्रा की है। यमुनोत्री में 7.28 लाख और गंगोत्री में 8.92 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।