Dehradun, 06 May 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बुधवार को बड़ा अभियान चलाते हुए देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने कुंआवाला हरिद्वार रोड से लेकर रायपुर रोड और ऋषिकेश तक 20 बिघा से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया, जबकि कई बहुमंजिला और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रवर्तन टीम मौके पर तैनात रही।
एमडीडीए की कार्रवाई के तहत किद्दूवाला-तुन्नुवाला रायपुर रोड क्षेत्र में संजीव शर्मा, नवीन डोबरीयाल और संजय उपाध्याय द्वारा लगभग 7 से 8 बिघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा कुंआवाला हरिद्वार रोड पर पम्किन रेस्टोरेंट के निकट रौबिन चौहान और प्रतीक जुयाल द्वारा करीब 12 बिघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा और अवर अभियंता मनीष मेहर सहित प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
ऋषिकेश क्षेत्र में भी एमडीडीए ने अवैध बहुमंजिला निर्माणों और व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की। आमबाग गली नंबर-1 में दो अवैध बहुमंजिला निर्माणों को सील किया गया। वहीं निर्मल बाग ब्लॉक-बी और सी में कई बहुमंजिला भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। गंगा विहार कॉलोनी स्थित आस्था पथ में चल रहे व्यावसायिक निर्माण को भी सील किया गया। इसके अलावा मनसा देवी क्षेत्र में दो अवैध बहुमंजिला व्यावसायिक निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्लॉट या भवन को खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम लगातार निगरानी कर रही है और जहां भी नियमों के विपरीत निर्माण की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
एमडीडीए का बड़ा अभियान: ऋषिकेश-कुंआवाला में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, कई बहुमंजिला इमारतें सील
Leave a comment
Leave a comment




