Dehradun, 08 May 2026: Uttarakhand Subordinate Service Selection Commission ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 2000 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार वर्षभर में कुल 14 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिली है।
आयोग ने भर्ती परीक्षाओं की तिथिवार सूची जारी करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत वाहन चालक के 72 पदों के लिए परीक्षा 31 मई को आयोजित होगी। वहीं स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा, जिसमें 416 पद शामिल हैं, अब 14 जून को कराई जाएगी। पहले यह परीक्षा 17 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन आयोग ने इसे स्थगित करते हुए नई तिथि जारी कर दी है।
इसके अलावा विशेष तकनीकी अर्हता के 57 पदों के लिए परीक्षा 28 जून, पशुधन प्रसार अधिकारी के 120 पदों के लिए 12 जुलाई और कृषि इंटरमीडिएट एवं स्नातक स्तर के 93 पदों के लिए 26 जुलाई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। सहायक लेखाकार के 305 पदों के लिए परीक्षा 23 अगस्त को होगी।
आयोग के अनुसार सामान्य इंटर स्तरीय भर्ती के तहत कनिष्ठ सहायक सहित विभिन्न पदों के 569 रिक्त पदों के लिए परीक्षा चार अक्टूबर को कराई जाएगी। वहीं वैयक्तिक सहायक के 101 पदों के लिए 12 अक्टूबर और आईटीआई व डिप्लोमा अर्हता वाले 78 पदों के लिए परीक्षा एक नवंबर को प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों तथा टाइगर गार्ड, वन आरक्षी, सचिवालय रक्षक और पुलिस आरक्षी समेत विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से समय रहते तैयारी पूरी करने की अपील की है।




