Rishikesh,18 May 2026। विश्व प्रसिद्ध Hemkund Sahib यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 23 मई को कपाट खुलने से पहले ही अब तक करीब 54 हजार श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनमोहन सिंह और विशेष कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने सोमवार को ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों का जायजा लिया। ऋषिकेश में श्रद्धालुओं के लिए चार ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रा के लिए मौके पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अधिकारियों ने गुरुद्वारा प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा के साथ बैठक कर यात्रा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और यात्री प्रबंधन को लेकर चर्चा की। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिसे देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
प्रबंध समिति के अनुसार, हेमकुंड साहिब यात्रा का पहला जत्था 20 मई को ऋषिकेश से रवाना किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ने की संभावना है। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा इंतजाम और पंजीकरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यात्रा प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले अनिवार्य पंजीकरण जरूर कराएं और मौसम को देखते हुए जरूरी सावधानियां अपनाएं।




