Dehradun, 04 June 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम में प्रदेश के 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में मई 2026 माह की पेंशन राशि एक क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। इस दौरान कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की धनराशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव, देरी और बाधा के सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। जनधन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, पीएम स्वनिधि और राष्ट्रीय आजीविका मिशन जैसी योजनाओं ने स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। अंत्योदय परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दिव्यांग कार्मिकों का वाहन भत्ता बढ़ाया गया है तथा स्वयं सहायता समूहों को ‘लखपति दीदी योजना’ और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पलायन रोकथाम योजना, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम और अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से विकास की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास, भूपाल राम टम्टा सहित विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रचार-प्रसार, प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तकनीक के अधिकतम उपयोग तथा नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही पर विशेष बल दिया।
एक क्लिक में 9.74 लाख लाभार्थियों को मिली पेंशन, मुख्यमंत्री धामी ने दिलाई नशा मुक्ति और वरिष्ठ सम्मान की शपथ
Leave a comment
Leave a comment




