Uttarkashi,16 july 2026। उत्तरकाशी की सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग परियोजना में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। वर्ष 2023 के चर्चित सुरंग हादसे के बाद इस परियोजना में हुई नई दुर्घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार देर रात सुरंग के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर भीतर हुआ। उस समय सुरंग के अंदर निर्माण कार्य जारी था। अचानक शॉटक्रीट लाइनिंग का भारी ब्लॉक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे झारखंड के बोकारो निवासी नरेश गंझू (21 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी श्रमिकों ने तत्काल उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बड़कोट समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच, निर्माण एजेंसी द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की समीक्षा तथा सुरंग के भीतर निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की जांच कराने के आदेश दिए हैं।
प्रशासन ने मृतक श्रमिक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने और सुरंग में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एनएचआईडीसीएल ने भी शुरू की जांच
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने भी दुर्घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों द्वारा घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किया जाएगा।
सिलक्यारा सुरंग परियोजना इससे पहले वर्ष 2023 में उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई थी, जब सुरंग का एक हिस्सा धंसने से 41 श्रमिक कई दिनों तक अंदर फंस गए थे। अब हुए इस हादसे ने एक बार फिर परियोजना में सुरक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिलक्यारा सुरंग में फिर हादसा, शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत
Leave a comment
Leave a comment




