बागेश्वर में स्कूल जाते समय
Bageswar,18 july 2026। बागेश्वर जिले के भटखोला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शिक्षा जगत को झकझोर दिया। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल जाते समय चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि शिक्षक समुदाय और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार, प्रधानाचार्य रोज की तरह विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के कर्मचारी नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का करीब चार माह का वेतन लंबित था, जिससे वह नाराज चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




