Dehradun, 18 july 2026। उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे दैनिक सेवा के रूप में भी चलाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा दोनों मंडलों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
रामनगर से चलने वाली यह एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे लगातार आधुनिक और यात्री-केंद्रित बन रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं, जबकि राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है। राज्य को वर्ष 2026-27 के लिए रेलवे अवसंरचना विकास हेतु 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट मिला है और करीब 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी भी मौजूद रहे।
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस शुरू, गढ़वाल-कुमाऊं के बीच रेल संपर्क को मिली नई रफ्तार
Leave a comment
Leave a comment




