Dehradun, 20 august 2026। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खासकर पहाड़ी जिलों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सकों की नियुक्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया। चंपावत जिले में पहली बार शुरू हुई इस सुविधा से गंभीर और आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे इलाज के लिए अन्य जिलों पर निर्भरता कम होगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।
गंभीर मरीजों को मिलेगा समय पर उपचार
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों को जरूरत के मुताबिक रक्त घटक समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे रक्त संबंधी जरूरतों के लिए मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे जिलों की ओर जाने की परेशानी कम होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें आम लोगों के लिए सुलभ और जन-केंद्रित बनाना है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।




