Paragliding Accident in Kapkote: Two Pilots Injured During Landing
कपकोट, 07 February 2026 । कपकोट में आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को लैंडिंग के समय दो पायलट हादसे का शिकार हो गए। संतुलन बिगड़ने से दोनों पायलट जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें कमर और पैर में चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम की ओर से हिस्सा ले रहे टिहरी गढ़वाल निवासी पायलट रणजीत सिंह चौहान उड़ान के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन लैंडिंग के वक्त नियंत्रण खो बैठने से वे कमर के बल गिर गए। मौके पर मौजूद चिकित्सकीय टीम ने तुरंत उपचार दिया और 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया।
दूसरी ओर, बागेश्वर के पायलट नवीन परिहार, जो जिला पंचायत सदस्य भी हैं, लैंडिंग के समय पैर के बल गिरने से घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया सीएचसी कपकोट पहुंचे और दोनों घायलों का हालचाल जाना।
जिलाधिकारी को स्थिति से अवगत कराने के बाद दोनों पायलटों को एयर एंबुलेंस (एयर हैली) से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। उपचार में जुटे चिकित्सक प्रतीक शर्मा ने बताया कि दोनों को हड्डी संबंधी चोटें आई हैं, इसलिए उन्हें ऑर्थो विशेषज्ञ की निगरानी में आगे का इलाज कराया जाएगा।


