SGRRU Job Utsav 4.0 Dehradun: 200 Students Get Placement in Top Companies
देहरादून, 11 April 2026 । श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग परिसर में आयोजित “जॉब उत्सव 4.0” युवाओं के लिए सुनहरा अवसर बनकर उभरा। इस भव्य रोजगार मेले में 200 छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में आकर्षक पैकेज पर प्लेसमेंट मिला, जबकि 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने इसमें पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक भागीदारी की। खास बात यह रही कि इस आयोजन में अन्य विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर से आगे बढ़कर एक बड़े मंच के रूप में सामने आया।
एक दिवसीय इस जॉब फेयर में आईटी, फार्मास्यूटिकल, मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और फाइनेंस जैसे विविध क्षेत्रों की 35 नामचीन कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें ITC Limited, Tech Mahindra, Muthoot Finance, State Bank of India, HDB Financial Services, NIIT Limited, Windlas Biotech, Just Agriculture, Digiyuni और Smart Brains जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों की तलाश करते हुए मौके पर ही चयन प्रक्रिया पूरी की।
प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. मनीषा मैदुली ने जानकारी देते हुए बताया कि “जॉब उत्सव 4.0” छात्रों के लिए न केवल रोजगार पाने का माध्यम बना, बल्कि उन्हें उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का भी अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रोफेशनल दुनिया में कदम रखने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि छात्रों को रोजगार से जोड़ना भी है। उन्होंने इस आयोजन को शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु बताते हुए भविष्य में ऐसे और प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस रोजगार मेले की एक विशेषता यह भी रही कि कंपनियों के एचआर विशेषज्ञों ने छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी, रिज्यूमे निर्माण, करियर चयन और प्रोफेशनल स्किल्स पर मौके पर ही मार्गदर्शन दिया। इससे छात्रों को अपनी कमियों को समझने और उन्हें सुधारने का अवसर मिला।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए इसे तीन चरणों—लिखित परीक्षा, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार—में विभाजित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें करियर की सही दिशा चुनने में मदद की।
इस सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल, इंडस्ट्री इंटरफेस सेल और प्लेसमेंट सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में सभी विभागों के डीन, फैकल्टी सदस्य, समन्वयक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। “जॉब उत्सव 4.0” ने एक बार फिर साबित किया कि सही मंच और मार्गदर्शन मिलने पर युवा अपनी प्रतिभा के दम पर बेहतर भविष्य की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सकते हैं।




