Dehradun, 04 June 2026। खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा की प्रस्तावित जनसभा में नहीं पहुंच पाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भावनात्मक संदेश देकर जल्द दोबारा आने का भरोसा दिलाया है। कार्यक्रम रद्द होने से निराश समर्थकों के लिए राहुल का यह संदेश उम्मीद और उत्साह का आधार बन गया।
अपने एक्स हैंडल पर जारी पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि वह उत्तराखंड के लोगों से मिलने, उनके बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने और राज्य के भविष्य को लेकर चर्चा करने के उद्देश्य से आए थे। उन्होंने बताया कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार पंतनगर पहुंच गए थे, लेकिन खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रकृति के आगे सभी को विनम्र होना पड़ता है और ऐसे समय में यात्रियों की सुरक्षा से बड़ा कोई विषय नहीं होता।
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी इच्छा अल्मोड़ा की जनसभा में शामिल होने के साथ-साथ पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों से संवाद करने और कोटद्वार में लोगों से मुलाकात करने की थी। मौसम की बाधा के कारण सभी कार्यक्रम स्थगित करने पड़े, जिसका उन्हें खेद है।
हालांकि, अपने संदेश में राहुल ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक अस्थायी व्यवधान है। उन्होंने उत्तराखंड की जनता को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही फिर राज्य का दौरा करेंगे और इस बार अधिक समय निकालकर लोगों के बीच बैठेंगे, उनकी राय सुनेंगे तथा प्रदेश के विकास, युवाओं के भविष्य और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कार्यक्रम रद्द होने के बावजूद राहुल गांधी ने अपने संदेश के जरिए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है, जो कई दिनों से इस जनसभा की तैयारियों में जुटे हुए थे।
बॉक्स
“इच्छा कम नहीं हुई, मुलाकात बस टल गई”
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि परिस्थितियां हमेशा हमारी योजनाओं के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे लोगों के प्रति उनका लगाव और मिलने की इच्छा कम नहीं होती। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और विश्वास ही उन्हें फिर जल्द उत्तराखंड आने के लिए प्रेरित करता है।
राहुल का एक्स पर भावुक पोस्ट, कहा ‘जल्द लौटूंगा’
Leave a comment
Leave a comment




