Dehradun, 19 June 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए विकासनगर तहसील के रेतीवाला क्षेत्र में दोबारा बसाई जा रही एक अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। प्राधिकरण की टीम ने लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग और उसके लिए बनाई गई सीसी सड़क को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए के अनुसार रेतीवाला स्थित अतुल्यम रिजॉर्ट के निकट अभिनव बंसल एवं अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति और वैधानिक अनुमति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। प्लाटों तक पहुंच के लिए सीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया था, जो उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) के प्रावधानों का उल्लंघन था।
प्राधिकरण ने पहले संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मौके पर अवैध गतिविधियां जारी रहने की शिकायतें मिलीं। क्षेत्रीय अभियंताओं की रिपोर्ट के अनुसार इसी अवैध प्लाटिंग को 20 मई 2026 को भी ध्वस्त किया गया था, लेकिन संबंधित पक्ष ने दोबारा सड़क और प्लाटिंग संबंधी कार्य शुरू करने का प्रयास किया।
शिकायत और निरीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने पुनः कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध सीसी सड़क तथा अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल, अभियंत्रण शाखा और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि विभिन्न सेक्टरों में गठित टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण ने लोगों से संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील भी की है।
दोबारा बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर एमडीडीए का बुलडोजर, रेतीवाला में 10 बीघा की प्लाटिंग ध्वस्त
Leave a comment
Leave a comment




