Dehradun, 04 July 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून ने युवाओं का सरकारी नौकरियों पर विश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित पांच अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपनी कार्यशैली, ईमानदारी और संवेदनशीलता के बल पर जनता का विश्वास मजबूत करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी पद का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। नवचयनित अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष एवं ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि ईमानदारी से कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।
बॉक्स: कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा, विधायक सविता कपूर, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, रविनाथ रमन, चंद्रेश कुमार, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पांडेय, एस.एन. पाण्डेय, डीजी होमगार्ड डॉ. पी.वी.के. प्रसाद, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर सचिव नवनीत पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं का बढ़ा भरोसा, 187 चयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
Leave a comment
Leave a comment




