Dehradun, 03 2026 : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने पहली बार अपनी नई पहचान तय करने के लिए जनता की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए “मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026” की घोषणा की है। प्रतियोगिता 3 अगस्त से 16 अगस्त तक आयोजित होगी। सर्वश्रेष्ठ मैस्कॉट डिज़ाइन को ₹50 हजार, द्वितीय को ₹30 हजार, तृतीय को ₹15 हजार और सर्वश्रेष्ठ स्लोगन को ₹10 हजार का पुरस्कार मिलेगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा मौलिक मैस्कॉट तैयार करना है, जो प्राधिकरण के विकास कार्यों, जनजागरूकता अभियानों और नागरिक सहभागिता का प्रभावी प्रतीक बन सके। प्रतिभागियों को मैस्कॉट के साथ आकर्षक स्लोगन और उसकी अवधारणा का संक्षिप्त विवरण भी देना होगा।
प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां JPEG, PNG या PDF प्रारूप में ऑनलाइन जमा करनी होंगी। मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, व्यापक आकर्षण और विभिन्न माध्यमों में उपयोग की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। एआई (AI) से तैयार किए गए डिज़ाइन प्रतियोगिता में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने शिक्षण संस्थानों, कलाकारों, डिज़ाइनरों, युवाओं और आम नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जनसहभागिता के माध्यम से एमडीडीए की नई और प्रभावशाली पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




