Dehradun, 13 September 2026। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान अब अयोध्या में भी नजर आएगी। अयोध्याधाम में करीब 67.83 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह को प्रदेश की परंपरा और प्राकृतिक विरासत की झलक देने वाले स्वरूप में विकसित किया जाएगा। भवन की वास्तुकला में पारंपरिक पहाड़ी शैली को प्रमुखता दी जाएगी, जबकि इसके अलग-अलग हिस्सों में उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन और प्राकृतिक स्थलों की थीम दिखाई देगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग परियोजना को आगे बढ़ा रहा है। प्रस्तावित अतिथि गृह को केवल ठहरने की सुविधा के रूप में विकसित करने के बजाय उत्तराखंड की पहचान को प्रदर्शित करने वाले प्रमुख केंद्र के तौर पर तैयार करने की योजना है। भवन के विभिन्न तलों पर ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली जैसी थीम आधारित आंतरिक सज्जा प्रस्तावित है। इससे अयोध्या आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर उत्तराखंड की प्रकृति, संस्कृति और स्थापत्य की झलक मिल सकेगी।
परियोजना की मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाकर भवन को राज्य अतिथि गृह की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का जोर भवन की उपयोगिता के साथ डिजाइन, गुणवत्ता और लागत में संतुलन बनाए रखने पर है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता, उपयोगिता, लागत संतुलन और भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का अतिथि गृह उत्तराखंड की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
रुद्रपुर में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आधुनिक मंच
उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रुद्रपुर के मोदी मैदान में भी इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। इसकी संशोधित लागत 23.32 करोड़ रुपये तय की गई है। इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की सुविधा होगी, जबकि आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस के लिए मैदान प्रस्तावित हैं।
परिसर में करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ के साथ टॉयलेट व चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। लागत में संतुलन के लिए बाउंड्रीवाल के स्थान पर लोहे की ग्रिल लगाने का प्रावधान किया गया है। सरकार का मानना है कि यह परिसर युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच देगा।




