Dehradun, 26 September 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद उत्तराखंड में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। अंतिम सूची में किसी तरह की त्रुटि न रह जाए, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने अब सुपर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। अधिकारी बूथ स्तर पर तैयार की गई मतदाता सूचियों और संबंधित दस्तावेजों का मौके पर पहुंचकर सत्यापन कर रहे हैं।
इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सारथी विहार में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों, बीएलओ की ओर से किए गए कार्य और पुनरीक्षण प्रक्रिया की मौके पर जांच की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से भी अभियान को लेकर फीडबैक लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ और ईआरओ स्तर पर किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से फार्म-7 के निस्तारण की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान फार्म-7 का नियमानुसार निस्तारण किया जाना पाया गया।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों ने पूरी गंभीरता और मेहनत से कार्य किया है। अंतिम प्रकाशन से पहले की जा रही सुपर चेकिंग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की कि 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपना नाम जरूर जांचें। नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए आवेदन करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, बीएलओ और निर्वाचन विभाग के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।




