Uttarkashi disaster relief : Uttarkashi Disaster: Search Efforts Intensify in Harsil-Dharali, Bailey Bridge Underway

Uttarkashi disaster relief : उत्तरकाशी, 08 अगस्त 2025 : उत्तरकाशी की हर्षिल घाटी के धराली कस्बे में फैली टनों मलबे के बीच जीवन की तलाश जारी है। सर्च अभियान के रफ्तार पकडने के साथ ही गंगनानी में बेली ब्रिज तैयार किया जा रहा है। बेली ब्रिज के सभी पार्ट मौके पर पहुंचा दिए गए हैं। अब इन्हें एसेम्बल किया जाना है।ब्रिज के तैयार होते ही राहत टीमें धराली पहुंच पाएंगी।
इस बीच सर्च अभियान में जुटी SDRF की ड्रोन विशेषज्ञ टीम ने हर्षिल और धराली के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन उडाकर सर्वेक्षण किया। SDRF के अनुसार यह सर्वेक्षण उन दुर्गम क्षेत्रों में किया गया जहां भूस्खलन व मलबा आने के कारण जमीनी पहुंच अत्यंत कठिन है। प्रभावित क्षेत्र में किसी व्यक्ति के फंसे होने अथवा लापता व्यक्तियों की मौजूदगी की संभावना के दृष्टिगत SDRF की टीम ने ड्रोन कैमरों की सहायता से क्षेत्र की सर्चिंग की। उत्तरकाशी पुलिस ने जानकारी दी कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान गंगनानी के समीप लिम्चा गाड पुल बहने से अवरुद्ध हाइवे पर बेली ब्रिज का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही सोनगाड़ व डबरानी के पास भागीरथी नदी के कटाव तथा हर्षिल एवं धराली आपदा स्थल पर मार्ग को सुचारू करने की कवायद भी जारी है।
दूसरी ओर देहरादून में सचिव गृह शैलेश बगौली राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में रेस्क्यू अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस अवसर पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी के साथ ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न विशेषज्ञ उपस्थित थे।




