Dehradun Machhi Bazaar Murder: Young Woman Killed in Broad Daylight, Accused Arrested
देहरादून, 03 February 2026 । मच्छी बाजार इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 23 वर्षीय युवती की बीच सड़क चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दहशत के माहौल में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े दस बजे युवती अपने जीजा के यहां स्कूटी खड़ी कर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, फिर अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती सड़क पर गिर पड़ी और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तनाव के चलते आसपास के बाजार भी बंद हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में 27 वर्षीय आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। खुड़बुड़ा क्षेत्र में मस्जिद के पास से आरोपी का वाहन और वारदात में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद की गई।
जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी के बीच पहले से जान-पहचान थी। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी कहीं और हो चुकी थी और उसका एक बच्चा भी है, इसके बावजूद वह युवती का पीछा करता रहा। युवती ने उसे कई बार दूर रहने की चेतावनी दी थी। दो दिन पहले उसने खुड़बुड़ा चौकी में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही के बीच सोमवार को यह जघन्य अपराध हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने लापरवाही बरतने पर खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी प्रद्युमन नेगी को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




