देहरादून, 18 April 2026 : श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में 27 और 28 अप्रैल को दो दिवसीय भव्य “स्टार नाइट” का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वविद्यालय के वार्षिक उत्सव “जेनिथ 2026” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
27 अप्रैल को उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका मेहर अपनी मधुर आवाज से लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगी। उनके गीतों के जरिए पहाड़ की पारंपरिक धुनों और मिट्टी की खुशबू का अहसास होगा। इस दौरान डीजे निक के हाई-वोल्टेज म्यूजिक से माहौल और भी रोमांचक बन जाएगा, जो युवाओं को झूमने पर मजबूर करेगा।
वहीं 28 अप्रैल की शाम बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक विशाल मिश्रा के लाइव कॉन्सर्ट से सजेगी। उनके हिट गानों की प्रस्तुति से पूरा माहौल ऊर्जा और उत्साह से भर उठेगा। युवाओं के बीच इस प्रस्तुति को लेकर खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पथरी बाग स्थित विश्वविद्यालय के हैलीपैड को विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल के रूप में सजाया जा रहा है, जहां हजारों छात्रों की उपस्थिति संभावित है।
दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आधुनिक संगीत का अनुभव भी कराएगा। यह स्टार नाइट विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक प्रमुख आकर्षण बनने जा रही है।
एसजीआरआर विश्वविद्यालय में दो दिवसीय स्टार नाइट, प्रियंका मेहर और विशाल मिश्रा का लाइव कॉन्सर्ट
Leave a comment
Leave a comment




