Tehri, 28 May 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026 के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि गजा स्थित प्रसिद्ध घंटाकर्ण मंदिर तक रोपवे निर्माण की दिशा में सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि रोपवे बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक कनेक्टिविटी विकसित करने पर विशेष फोकस कर रही है। चारधाम यात्रा मार्गों के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों को रोपवे नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में रोपवे भविष्य की जरूरत हैं, जिससे यात्रा आसान और सुरक्षित बनेगी।
सीएम धामी ने कहा कि घंटाकर्ण मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रोपवे बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन आधारित विकास मॉडल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को पर्यटन और धार्मिक आस्था के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पर्वतीय क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और गजा क्षेत्र को भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिली है।




