एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की मेगा शिक्षक भर्ती में उमड़ा युवाओं का सैलाब, 5,500 अभ्यर्थी ले रहे हिस्सा
100 से अधिक स्कूलों के लिए चल रही चयन प्रक्रिया, परीक्षा के दिन ही परिणाम और साक्षात्कार की व्यवस्था
Dehradun, 29 may 2026। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) एजुकेशन मिशन द्वारा आयोजित मेगा शिक्षक भर्ती अभियान उत्तर भारत के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर बनकर उभरा है। मिशन के 100 से अधिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आयोजित चार दिवसीय चयन प्रक्रिया में हजारों अभ्यर्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। 26 मई से शुरू हुई यह भर्ती प्रक्रिया 29 मई तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, तालाब शाखा परिसर में आयोजित की जा रही है।
एसजीआरआर पब्लिक स्कूल की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित तालाब शाखा इन दिनों प्रतिभाओं के संगम का केंद्र बनी हुई है। भर्ती प्रक्रिया में प्रतिदिन 1,300 से अधिक अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल हो रहे हैं, जबकि पूरे अभियान के दौरान लगभग 5,500 अभ्यर्थियों के भाग लेने की संभावना है। पहले दिन सुबह सात बजे से ही विद्यालय परिसर में युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और चयन प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।
मिशन ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह योग्यता आधारित और पारदर्शी बनाया है। चयन के लिए 80 अंकों की लिखित परीक्षा तथा 20 अंकों का साक्षात्कार निर्धारित किया गया है। लिखित परीक्षा के माध्यम से विषय ज्ञान, विश्लेषण क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके बाद मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जा रहा है।
इस भर्ती अभियान की सबसे खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन, साक्षात्कार और परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है। मिशन की इस त्वरित एवं पारदर्शी प्रक्रिया की अभ्यर्थियों ने सराहना करते हुए इसे रोजगार चयन का प्रभावी मॉडल बताया है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से पहुंचे युवा इस चयन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण चयन सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों को भी प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
परीक्षा आयोजन समिति के अनुसार यदि कोई अभ्यर्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं है तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। ऐसे मामलों की विशेषज्ञ समिति द्वारा ऑन-कैमरा समीक्षा की जाएगी, जिससे चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
एसजीआरआर एजुकेशन मिशन लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह मेगा शिक्षक भर्ती अभियान न केवल शिक्षा संस्थानों को योग्य शिक्षक उपलब्ध कराएगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए बेहतर भविष्य के नए द्वार भी खोलेगा।




