Pune, 07 july2026। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब जांच एजेंसियों का फोकस सिया गोयल और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते पर है। पुलिस उन दावों की पड़ताल कर रही है, जिनमें कहा गया है कि सिया ने केतन से सगाई होने के बावजूद करीब चार महीने पहले अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी से गुपचुप शादी कर ली थी। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के दौरान पुलिस कथित शादी से जुड़े दस्तावेज, मैरिज सर्टिफिकेट और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। साथ ही सिया की दो कॉलेज सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि दोनों कथित विवाह की गवाह हो सकती हैं।
मामले में डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच चल रही है। पुलिस एक इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट की गई तस्वीरों को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। दावा है कि इन तस्वीरों में सिया और चेतन वरमाला पहने दिखाई दे रहे थे। यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत विवाह का पंजीकरण कराया था।
गौरतलब है कि 18 जून को सिया और केतन लोहगढ़ किला घूमने गए थे। इसी दौरान केतन 400 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि सिया और चेतन ने सुनियोजित साजिश के तहत उसे खाई में धक्का दिया। जांच में एक कथित चैट भी सामने आई है, जिसमें लिखा बताया जा रहा है, “तुम जल्दी आ जाओ, यह काम मैं अकेले नहीं कर सकती।” पुलिस इस चैट की फॉरेंसिक जांच कर रही है और सभी पहलुओं को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।




