Dehradun, 28 july 2026 : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए सोमवार को देहरादून और ऋषिकेश में दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माणों पर की गई इस कार्रवाई के साथ प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले देहरादून के लेखक गांव-थानों मार्ग पर नरेश शर्मा द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति लिए बिना किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने ऋषिकेश के भरत विहार क्षेत्र में भी बिना अनुमति किए जा रहे एक अन्य निर्माण को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार अवैध निर्माण न केवल मास्टर प्लान और भवन निर्माण मानकों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि भविष्य में यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और शहरी विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इसी उद्देश्य से एमडीडीए की टीमें नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं।
सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता विक्रम सिंह, जयदीप, सुपरवाइजर मनीष नौटियाल तथा पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से अनावश्यक कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्रवर्तन टीम नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। जहां भी भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से नियमानुसार निर्माण कार्य कराने और शहरी विकास के नियमों का पालन करने की अपील की।




