Dehradun 28 july 2026। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश में 31 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। सोमवार और मंगलवार को उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल सहित सात जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम के मद्देनजर देहरादून में स्कूलों की छुट्टी कर दी गयी है I
मौसम विभाग के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है। कई संवेदनशील स्थानों पर सड़कें बाधित होने और मलबा आने की आशंका भी जताई गई है। वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचना ही सुरक्षित रहेगा।
प्रदेश में संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही आपदा राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। ऐसे में लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।




