Yamuna lake at Syanachatti cleared, water level recedes as authorities work to restore connectivity
उत्तरकाशी, 28 अगस्त 2025 : यमुनोत्री धाम के प्रमुख पडाव स्यानाचट्टी में यमुना पर बनी झील को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस बीच झील के जलस्तर में भी करीब एक फीट की कमी आई है। अब झील का जलस्तर पुल से करीब तीन फीट नीचे रह गया है। बुधवार को स्यानाचट्टी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झील का निरीक्षण कर गाद हटाने और नदी के पानी को चैनेलाइज करने के निर्देश दिए थे।
गुरुवार को विशेषज्ञों की टीम सुबह से ही झील के मुहाने को चौडा करने में जुट गई। इस कार्य में श्रमिकों के साथ ही तीन पोकलेन और एक जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार स्यानाचट्टी में झील खोलने और यमुना नदी से गाद के लिए प्रशासन की टीमें सभी जरूरी मशीनों के साथ कार्य में युद्धस्तर पर जुटी हैं। अब तक नदी से 15 मीटर लंबाई और 3 मीटर चौड़ाई वाले भाग का मलबा हटा दिया गया है ।
