Dehradun, 09 August 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देशभक्ति देवभूमि के कण-कण में बसी है और उत्तराखंड की पहचान वीरभूमि के रूप में भी है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, सम्मान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने इसकी आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गांधी पार्क से हर घर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को निरंतर प्रबल बनाए रखने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य के हर दूसरे परिवार का कोई न कोई सदस्य देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान और सुविधाओं को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी सैन्य शक्ति और सामर्थ्य का परिचय पूरी दुनिया को दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
हजारों लोगों ने थामा तिरंगा
मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों के साथ शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
एक साल में 7.23 प्रतिशत बढ़ी जीएसडीपी
धामी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच गई है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लोग मौजूद रहे।




