Uttarakhand CM Provides ₹50 Lakh Compensation to Families of Deceased Upnal Employees
देहरादून, 10 अक्टूबर 2025 : उत्तराखण्ड में उपनल के माध्यम से सेवारत तीन कर्मियों की सड़क दुर्घटनाओं में हुई मृत्यु के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उनके परिजनों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। यह सहायता राज्य सरकार और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच हुए कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज एमओयू के तहत प्रदान की गई।
उपनल के माध्यम से विद्युत वितरण खंड, जसपुर में तैनात श्री बृजेश कुमार, ब्रिडकुल देहरादून में तैनात श्री तसलीम, और विद्युत वितरण खंड, हरिद्वार में तैनात श्री संजीव कुमार की क्रमशः जनवरी 2025, नवम्बर 2024 और फरवरी 2025 में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों से संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “कोई भी आर्थिक सहायता मानव की कमी को पूर्ण नहीं कर सकती, लेकिन कठिन समय में यह परिवार के लिए सहारा बन सकती है।”
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी, अर्द्धसरकारी और उपनल कर्मियों के हित में बैंकों के साथ कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत कई लाभकारी सुविधाएँ लागू की हैं। इसके तहत कर्मचारियों को बीमा, वित्तीय सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर कर्मचारी को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिले तथा किसी अप्रत्याशित स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहायता दी जा सके।
मुख्यमंत्री ने उपनल कर्मचारियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पंजाब नेशनल बैंक का आभार व्यक्त किया, साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में लगातार नवाचार और सुधार कर रही है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, मेजर जनरल (से.नि.) शम्मी सबरवाल, एमडी उपनल जे.एन.एस. बिष्ट, पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड अनुपम, डीजीएम अभिनंदन और एजीएम अजीत कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




