Badrinath,23 April 2026। उत्तराखंड के पवित्र बद्रीनाथ धाम में गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ भगवान बद्री विशाल के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही धाम में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत वातावरण बन गया। देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति और भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। साथ ही उन्होंने सभी यात्रियों से स्वच्छ और हरित चारधाम यात्रा में सहयोग करने की अपील की।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर बद्रीनाथ धाम में लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ झुमैलो नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन के जरिए अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने धाम में संचालित भंडारे का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की सराहना की।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही बद्रीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य और यादगार अनुभव साबित होगा।
वैदिक मंत्रों के बीच खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, आस्था से गूंजा हिमालय
Leave a comment
Leave a comment




