Dehradun, 27 july 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा ज्ञान, संस्कार, नवाचार और राष्ट्रभक्ति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल शैक्षणिक सफलता तक सीमित न रहने, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा को भी अपने जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड का युवा इस परिवर्तन का नेतृत्व करने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री रुड़की स्थित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम के महत्व को स्थापित करने का माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति पर आधारित शिक्षा के माध्यम से ऐसे नागरिक तैयार कर रही है, जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि चरित्रवान, जिम्मेदार और नवाचारी युवाओं की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, रोजगारपरक और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्मार्ट क्लास, सूचना प्रौद्योगिकी लैब, छात्रावास, मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना और ‘कौशलम्’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था पर आधारित हो, इसके लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसी का परिणाम है कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका भवन का लोकार्पण भी किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।
युवा ही बनाएंगे भारत को विश्वगुरु, राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाएं: मुख्यमंत्री धामी
Leave a comment
Leave a comment




